नूंह में एक बार फिर जलाभिषेक यात्रा को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। पुलिस की तरफ सोशल मीडिया पर नजर रखी जा रही है। इन पर भड़काऊ न्यूज, हेट स्पीच से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री चलने वाले, प्रसारित करने वालों फेसबुक पोर्टल, फेसबुक यूजर और यूट्यूब चैनल सहित व्हाट्सएप ग्रुप ट्विटर और टेलीग्राम चैनलों की निगरानी बढ़ा दी गई है।
पुलिस आयुक्त राकेश कुमार आर्य ने कहा कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा करीब 500 पुलिस जवानों की दंगा निरोधक पुलिस टीम तैयार की गई है और इसके अलावा जोन के डीसीपी अपनी फोर्स के साथ मुस्तैद रहेंगे। नूंह की प्रस्तावित यात्रा को मंजूरी नहीं दी गई है फिर भी कुछ लोग अफवाह फैला रहे हैं कि मंजूरी दे दी गई है। सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म व्हाट्सएप इत्यादि पर लोगों का यात्रा में शामिल होने के लिए आह्वान किया जा रहा है। इसके लिए सोशल मीडिया पर मैसेज प्रसारित किए जा रहे हैं। इसे देखते हुए नूंह में शनिवार दोपहर 12 बजे से 28 अगस्त रात को 12 बजे तक के लिए इंटरनेट सेवाएं एक बार फिर बंद की गई। वहीं पिछले दिनों नूंह हिंसा की लपटें फरीदाबाद में भी पहुंची थी। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सख्ती बरतनी शुरु कर दी है।
पुलिस टीमें सामाजिक सौहार्द खराब करने वाले असामाजिक तत्वों के व्हाट्सएप ग्रुप, फेसबुक पोर्टल, यूट्यूब पर नजर बनाए हुए हैं। ऐसे असामाजिक तत्वों की लिस्ट बनाई जा चुकी है, जिस पर असामाजिक तत्वों की हर गतिविधि पर नजर रखने को कहा और गड़बड़ी दिखने पर उनके खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पुलिस आयुक्त ने लोगों से अपील है कि वे कानून व्यवस्था को बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें और शांति-सद्भाव की भावना बनाए रखे। असामाजिक तत्वों के बहकावे में न आएं।