बादशाहपुर। सेक्टर-74ए में बुनियादी सुविधाओं के अभाव के कारण स्थानीय लोगों और यहां से गुजरने वाले राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन द्वारा इस इलाके में बिजली के पोल तो वर्षों पहले ही लगा दिए गए थे लेकिन उन पर आज तक लाइटें नहीं लगाई गई हैं। शाम ढलते ही पूरा इलाका गहरे अंधेरे में समा जाता है, जिससे यहां से गुजरना किसी जोखिम से कम नहीं रह गया है। स्थानीय निवासियों और यहां काम करने वाले लोगों का कहना है कि प्रशासन से कई बार गुहार लगाने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। स्ट्रीट लाइट न होने के कारण रात के समय असामाजिक तत्वों का डर बना रहता है और आए दिन छोटी-मोटी दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों का आरोप है कि बुनियादी ढांचा तैयार होने के बाद भी रखरखाव और लाइटों की फिटिंग न करना विभाग की बड़ी लापरवाही को दर्शाता है। संवाद