अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। कंपनी का काम पूरा करने के बाद अपने घर दिल्ली जा रहे एक व्यक्ति को ओला बाइक से आते समय एक पिकअप ने टक्कर मार दी। इस हादसे में उसका एक पैर पूरी तरह खराब हो गया। जिसके कारण अस्पताल में एक पैर को घुटने से ऊपर से काटना पड़ा। ऐसे में घायल की पत्नी ने बजघेड़ा थाने में शिकायत देकर टक्कर मारने वाली पिकअप व चालक का पता लगाकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। वहीं पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली के विष्णु गार्डन के रहने वाले सतीश कुमार की पत्नी नीरज ने शिकायत में बताया कि उनके पति दिल्ली में कंपनी के काम के सिलसिले में गए थे, जहां से लौटते समय वह ओला बाइक से गुरुग्राम से दिल्ली आ रहे थे। रास्ते में सेक्टर-110 के पास एक पिकअप गाड़ी ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गए और उन्हें अस्पताल में एडमिट कराया, जहां उनका एक पैर घुटने के ऊपर से काटना पड़ा। नीरज ने बताया कि उसके पति पिकअप गाड़ी का नंबर भी नहीं देख पाए, जिससे उन्होंने पुलिस से गुहार लगाई है कि पिकअप को ट्रेस कर कार्रवाई की जाए।