गुरुग्राम। हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक के बीच बनने वाली एलिवेटेड रोड पर निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से चलने के कारण स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है। पहले यहां पर सड़क को चौड़ा करने की योजना थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि इसके लिए 100 मीटर चौड़ाई में आने वाले निर्माण को तोड़ा गया था। अब एलिवेटेड सड़क बनाने की तैयारी है। इसके लिए 60 मीटर की चौड़ाई के हिस्से से निर्माण को हटाया गया है। अब स्थानीय लोगों का कहना है कि जो निर्माण तोड़ दिया गया है उसके संबंध में क्या होगा। 2.24 किलोमीटर लंबे इस रास्ते को पहले सड़क चौड़ी करके ही विस्तार किया जाना था। गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (जीएमडीए) की ओर से यह काम भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को दिया गया था। स्थानीय निवासी दिनेश कुमार कहते हैं कि अभी पाइप लाइनों की शिफ्टिंग, बिजली के हाई टेंशन लाइनों के पोल आदि की शिफ्टिंग बड़ी समस्या बनी हुई है। इसके लिए तस्वीर साफ होनी चाहिए। ब्यूरो