मानेसर। सेक्टर-69 में सड़क की खराब हालत के कारण लोगों को काफी परेशानी हो रही है। ट्यूलिप चौक हिल्स से एसपीआर रोड की तरफ जाने वाली सड़क पर जगह-जगह मिट्टी के ढेर लगे हुए हैं। सड़क पर धूल उड़ने से प्रदूषण बढ़ रहा है। वहीं, ट्रैफिक जाम और जलभराव के कारण वाहन चालकों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क पर काफी समय से खुदाई का काम चल रहा है, लेकिन काम पूरा होने के बाद भी मिट्टी नहीं हटाई गई। लोगों का कहना है कि पानी की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण कई बार सड़क पर पानी भर जाता है। इससे आने-जाने में दिक्कत होती है। लोगों का आरोप है कि मिट्टी हटाने की जिम्मेदारी को लेकर जीएमडीए और संबंधित वेंडर के बीच तालमेल नहीं है। इसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी और समाजसेवी इंजीनियर आरके जायसवाल ने कहा कि विकास कार्यों के नाम पर लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। विभागों के बीच तालमेल की कमी के कारण सड़क की हालत खराब बनी हुई है। संवाद