संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। बीते करीब एक माह से मॉडल टाउन मोहल्ला चार मरला के निवासी दूषित पेयजल का उपयोग करने को मजबूर हैं। इससे लोगों के बीमार होने का खतरा बढ़ गया है। नगर निगम को लेकर स्थानीय लोगों में रोष है। इसके बावजूद नगर निगम के अधिकारी लोगों की समस्याओं की सुध नहीं ले रहे।
बीते एक महीने से पेयजल लाइन में गंदा पानी आ रहा है। गंदे पानी के कारण कई लोग बीमार हो चुके हैं। इलाके के लोग शुद्ध पेयजल दिलाने के लिए कई बार संबंधित अधिकारियों से मांग कर चुके हैं, मगर समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है। सीवर लाइन का पानी पेयजल की पाइपलाइन में आ रहा है।
ऐसे में मोहल्ले के लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दूषित पेयजल के कारण कई लोग बीमार हो चुके हैं। वित्तीय स्थिति ठीक ना होने के कारण इलाके के अधिकांश लोगों के पास वाटर प्यूरीफायर नहीं है। जाने अनजाने क्षेत्र के लोग मौत के मुंह में जा रहे हैं, लेकिन नगर निगम अधिकारियों को इसकी कोई परवाह नहीं है। स्थानीय लोगों ने बताया कि नगर निगम के अधिकारी केवल आश्वासन देकर मामले को टाल देते हैं, जिससे समस्या का समाधान नहीं हो रहा।