संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखनगर। फर्रुखनगर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की टक्कर से कार में सवार नरेश वत्स नामक युवक की मौत हो गई। नरेश फिल्म अभिनेता सैफ अली खान के पटौदी स्थित महल में बतौर मैनेजर तैनात था। हादसे को अंजाम देकर आरोपी चालक अपनी कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में भिजवा दिया और कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में नई दिल्ली के जाफरपुर निवासी मुकेश वत्स ने कहा कि उसका भाई नरेश वत्स फिल्म अभिनेता सैफ अली खान के पटौदी स्थित महल में मैनेजर था। वह बुधवार शाम डयूटी के बाद अपनी कार से घर की ओर आ रहा था। केएमपी पर फर्रुखनगर के पास बादली की ओर से आई एक तेज रफ्तार कार ने उसकी कार में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे को अंजाम देकर चालक अपनी कार को छोड़कर फरार हो गया। वहीं नरेश को एसजीटी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने चालक पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।