गुरुग्राम। डूंडाहेड़ा बॉर्डर स्थित यातायात पुलिस बूथ पर तैनात जोनल अधिकारी सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) अशोक कुमार ने ईमानदारी का परिचय देते हुए युवक का खोया लैपटॉप सुरक्षित वापस लौटाया। जोनल अधिकारी को 5 मई को ड्यूटी के दौरान सड़क किनारे एक लैपटॉप मिला था। उन्होंने लैपटॉप के मालिक के बारे में पता करने के प्रयास किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर बूथ पर रखवा दिया था। दोपहर बाद एक युवक अपनी माता के साथ लैपटॉप को ढूंढता हुआ डूंडाहेड़ा बॉर्डर स्थित यातायात पुलिस बूथ पर पहुंचा। युवक ने यातायात पुलिसकर्मियों से लैपटॉप के बारे में पूछा। जोनल अधिकारी एएसआई अशोक कुमार ने युवक से लैपटॉप की पहचान संबंधी जानकारी ली। युवक द्वारा लैपटॉप की पैकिंग व अन्य पहचान संबंधी विवरण सही बताने पर यातायात पुलिसकर्मियों ने लैपटॉप को उसके मालिक को सौंप दिया। संवाद