गुरुग्राम डिपो प्रबंधन की ओर से खरीदे जाएंगे पानी के 200 कैंपर
अड्डे से बस रवाना होने से पहले ही भरकर रखे जाएंगे कैंपर
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। रोडवेज बसों में सफर करने के दौरान अब यात्रियों को प्यास बुझाने के लिए ठंडा पानी मिलेगा। हरियाणा राज्य परिवहन विभाग ने गर्मी के मौसम में यात्रियों के लिए सभी रोडवेज बसों में ठंडे पानी की व्यवस्था करने का फैसला लिया है। गुरुग्राम बस डिपो की बसों में पानी की व्यवस्था करने के लिए 200 कैंपर खरीदे जाएंगे। बस अड्डे से रवाना होने से पहले इन कैंपरों को रोडवेज कर्मचारी भरकर रखेंगे।
परिवहन निदेशालय ने प्रदेश के सभी डिपो महाप्रबंधकों को पत्र जारी कर यात्रियों के लिए बसों में पीने के लिए ठंडे पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। विभाग के इस फैसले से यात्रियों को अब सफर के दौरान प्यास लगने पर पानी की बोतल खरीदकर अपनी प्यास नहीं बुझानी पड़ेगी।
गर्मी के मौसम में सफर करते समय प्यास लगने पर महिलाओं, बच्चों व बुजुर्गों को अधिक परेशानी सहनी पड़ती है। लंबे रूटों पर यह समस्या अधिक देखने को मिलती है। हालांकि कई बसों में चालक-परिचालक द्वारा पानी का कैंपर रखा जाता है ताकि सफर के दौरान कोई यात्री प्यास लगने पर पानी पी सके। वहीं, सड़कों किनारे लगे हैंडपंप पर भी चालक रोडवेज बसों को रोक लेते हैं, ताकि यात्री अपनी प्यास बुझा सके। लेकिन सभी रूटों पर यह संभव नहीं हो पाता और यात्रियों को बोतल खरीदकर अपनी प्यास बुझानी पड़ती है।
बता दें कि हरियाणा व पड़ोसी राज्यों में पिछले कुछ समय से भयंकर गर्मी का प्रकोप बना हुआ है। प्रदेश के अधिकतर जिलों में अधिकतम तापमान 46 डिग्री का आंकड़ा पार कर चुका है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पहले अभी अगले तीन दिन तक हीटवेव से राहत की उम्मीद भी नहीं है। ऐसे में हरियाणा राज्य परिवहन विभाग के इस निर्णय से यात्रियों को गर्मी में प्यास बुझाने में राहत मिलेगी।
वर्जन
हरियाणा राज्य परिवहन विभाग की ओर से दिशा-निर्देश जारी हुए हैं। गुरुग्राम डिपो की बसों के लिए 200 कैंपर खरीदे जा रहे हैं। रोडवेज बसों में सफर के दौरान यात्रियों के लिए पीने का पानी उपलब्ध रहे, इसके लिए चालकों-परिचालकों को निर्देश दिए जाएंगे।
- प्रदीप कुमार अहलावत, महाप्रबंधक, गुरुग्राम डिपो।