स्टेशन मास्टर को सौंपा ज्ञापन, एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव और मूलभूत सुविधाओं की मांग उठाई
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। दिल्ली-रेवाड़ी रेलखंड के रेलवे स्टेशन गढ़ी हरसरू जंक्शन पर दैनिक रेल यात्रियों ने शुक्रवार को स्टेशन मास्टर को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की। ट्रेनों के अनियमित संचालन, लंबी प्रतीक्षा और यात्री सुविधाओं के अभाव से परेशान यात्रियों ने ट्रेनों की समयपालन व्यवस्था में सुधार, एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव और स्टेशन पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई। ज्ञापन में बताया गया कि सुबह 6:45 बजे रेवाड़ी से चलने वाली पैसेंजर ट्रेन के बाद गढ़ी हरसरू जंक्शन पर अगली ट्रेन सुबह 11:32 बजे उपलब्ध होती है। करीब पांच घंटे के इस लंबे अंतराल के कारण नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं और श्रमिकों को रोजाना भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। यात्रियों ने मांग की है कि ट्रेन संख्या 54414 के समय में बदलाव किया जाए अथवा सुबह और शाम के समय सिरसा एक्सप्रेस या रुणिचा एक्सप्रेस में से किसी एक ट्रेन का गढ़ी हरसरू जंक्शन पर कम से कम दो मिनट का ठहराव सुनिश्चित किया जाए। यात्रियों ने गाड़ी संख्या 15307/15308 हरियाणा एक्सप्रेस का गढ़ी हरसरू जंक्शन पर ठहराव सुनिश्चित करने की भी मांग की।