दंड व अपील, आचरण और पर्यावरण संबंधी नियमों की जानकारी दी गइ
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद गुरुग्राम (एससीईआरटी) में बीते शुक्रवार को हरियाणा के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों हेतु उन्मुखीकरण व प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का संचालन व संयोजन डाॅ. तनु भारद्वाज ने किया। कार्यशाला में हरियाणा सरकार के उप सचिव (सेवानिवृत) मेघराज शर्मा, सेवानिवृत आईएएस शिवप्रसाद शर्मा, हीपा के प्राचार्य डाॅ. अविनाश शर्मा और सेवानिवृत प्राचार्य डाॅ. आरएन यादव बतौर रिसोर्स पर्सन उपस्थित रहे।
कार्यशाला परिषद के निदेशक महाबीर प्रसाद के निर्देशन आयोजित हुई। उन्होंने बताया कि खंड शिक्षा अधिकारी स्कूल शिक्षा की एक महत्वपूर्ण कड़ी होने के साथ-साथ प्रशासनिक स्तर पर भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस दृष्टि से उनके लिए दंड व अपील संबंधी नियम, आचरण नियम और पर्यावरण संबंधी, जागरूकता संबंधी सत्र आयोजित किए गए। एससीईआरटी के संयुक्त निदेशक सुनील बजाज, उप निदेशक रितु चौधरी, अध्यापक शिक्षा अनुभागाध्यक्ष राम किशोर पुनिया सहित अन्य विषय विशेषज्ञ ने कार्यशाला में जरूरी जानकारी दी।
डाॅ. तनु भारद्वाज ने कहा कि शिक्षा से जुड़ा राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय प्रत्येक कार्यक्रम व योजना का लाभ हर स्कूल तक पहुंचे, इसमें खंड स्तरीय अधिकारी की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। इसीलिए परिषद के विशेषज्ञों द्वारा उन्मुखीकरण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। कार्यशाला में सभी जिलों के खंड शिक्षा अधिकारी शामिल हुए।