गुरुग्राम। राष्ट्रीय सेवा योजना एनएसएस के 7 दिवसीय विशेष शिविर के दूसरे दिन की शुरुआत एनएसएस गार्डन में योग सत्र के साथ हुई। गुरुग्राम विश्वविद्यालय में स्वयंसेवकों ने सुबह योगाभ्यास कर स्वास्थ्य और अनुशासन का संदेश दिया। इसके बाद कार्यक्रम में अधिवक्ता निधि चावला ने मानव अधिकार और भारतीय संविधान विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान दिया। उन्होंने छात्रों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों और संविधान की मूल भावना के बारे में सरल शब्दों में जानकारी दी, जिससे स्वयंसेवकों में जागरूकता बढ़ी। दोपहर के समय सांझी रसोई का आयोजन किया गया, जिसमें सभी स्वयंसेवक अपने-अपने घर से लाया हुआ भोजन एक-दूसरे के साथ साझा करते नजर आए। इस गतिविधि ने आपसी भाईचारे, सहयोग और एकता की भावना को मजबूत किया। संवाद