मानेसर। मानेसर-कासन रोड पर खुले नालों ने इलाके में रहने वाले लोगों के लिए गंभीर समस्या पैदा कर दी है। नगर निगम मानेसर द्वारा इस समस्या की ओर अब तक कोई ध्यान नहीं दिया गया। खुले नालों के कारण बच्चों और बुजुर्गों को रोजाना खतरे का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार उन्होंने नगर निगम में इसकी शिकायत की है लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। दिनभर इस रोड पर लोगों की आवाजाही रहती है, जिससे हादसे का खतरा लगातार बना हुआ है। खुले नालों के कारण सड़क पर गंदा पानी भी जमा रहता है, जिससे न केवल गंदगी बढ़ती है, बल्कि लोगों के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ सकता है। खोह गांव के निवासी राम मेहर ने बताया कि बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह समस्या और भी गंभीर है, क्योंकि कभी-कभी उन्हें यह रास्ता पार करना पड़ता है। वहीं, वाहन चालकों के लिए भी यह खतरे की घंटी है। अगर किसी वाहन का पहिया अचानक खुले नाले में चला जाए तो बड़ा हादसा हो सकता है। संवाद