आवेदन में चरित्र प्रमाणपत्र, आय प्रमाणपत्र, 12वीं कक्षा की मार्कशीट संबंधी कमी
कमी को पूरा करने के लिए विद्यार्थियों को दिया जा रहा 48 घंटे का समय
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शैक्षणिक सत्र 2023-24 के तहत स्नातक के प्रथम वर्ष में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया चल रही है। 28 जून तक विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन के साथ ही कॉलेजों में फार्माें का ऑनलाइन सत्यापन किया जा रहा है। कई विद्यार्थियों के आवेदन फार्म में खामियां मिल रही हैं। कॉलेजों में फार्मों का ऑनलाइन सत्यापन करने वाले प्राध्यापकों व दाखिला नोडल अधिकारियों द्वारा संबंधित विद्यार्थियों के मोबाइल पर कॉल करके व मैसेज भेजकर निर्देश दिए जा रहे हैं कि वे अपने आवेदन में कमी को पूरा करें। उच्चतर शिक्षा विभाग के आदेशानुसार आवेदन में कमी को पूरा करने के लिए 48 घंटे का समय दिया गया है।
वर्जन
सेक्टर-14 स्थित राजकीय कन्या कॉलेज की दाखिला नोडल अधिकारी सरिता सिरा ने बताया कि कॉलेज में अभी तक लगभग 1300 छात्राओं ने आवेदन किए हैं। ऑनलाइन सत्यापन के लिए लगभग 1300 आवेदन फार्म कमेटी के पास पहुंचे हैं। आवेदनों में काफी कम खामियां मिल रही हैं। कई आवेदन फार्म में चरित्र प्रमाण पत्र अपलोड नहीं किया गया है। क्योंकि गर्मियों की छुट्टियों में स्कूल बंद होने के कारण बच्चों के चरित्र प्रमाण पत्र नहीं बन सके हैं। इसके बारे में विद्यार्थियों को सूचित किया जा रहा है, ताकि 48 घंटों में प्रमाण पत्र बनाकर अपलोड किया जा सके।
वर्जन
सेक्टर-9 स्थित राजकीय कॉलेज के दाखिला नोडल अधिकारी संजय कत्याल ने बताया कि ऑनलाइन सत्यापन में लगभग 10 आवेदन फार्म में 12वीं कक्षा की मार्कशीट, चरित्र व आय प्रमाण पत्र संबंधी कमी मिली है। कई विद्यार्थियों ने 12वीं कक्षा की मूल मार्कशीट को अपलोड करने की बजाय परिणाम जारी होने के बाद डाउनलोड की गई मार्कशीट को अपलोड किया है। वहीं कई विद्यार्थियों के चरित्र व आय प्रमाण पत्र नहीं है। ऐसे में विद्यार्थियों को सभी अनिवार्य दस्तावेज आवेदन फार्म में अपलोड करने के लिए कहा गया है।