अब 26 जून तक किए जा सकेंगे ऑनलाइन आवेदन
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन की समयावधि 26 जून तक बढ़ा दी गई है। ऐसे में विद्यार्थियों को आवेदन करने के लिए पांच दिन अतिरिक्त मिल गए हैं। जो विद्यार्थी किन्ही कारणों से आईटीआई में दाखिले के लिए आवेदन नहीं कर पाए थे, वे अब अपने दस्तावेज पूरे करके 26 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
कौशल विकास और औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग हरियाणा द्वारा ऑनलाइन आवेदन के लिए विभागीय वेबसाइट https://admissions.itiharyana.gov.in/ जारी की हुई है। इच्छुक विद्यार्थी दाखिले के लिए वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं। दाखिले से संबंधित सभी जानकारी पोर्टल व विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध है। शहर के एमजी रोड स्थित राजकीय मॉडल आईटीआई सेक्टर-14 में 25 ट्रेड में 904 सीटों पर नए सत्र में दाखिले होने हैं। संस्थान में बुधवार शाम तक 5671 विद्यार्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किए हैं। राजकीय महिला आईटीआई सेक्टर-14 में 10 ट्रेड में 252 सीट हैं। इस संस्थान में लगभग 500 छात्राओं ने आवेदन किए हैं। राजकीय महिला आईटीआई सेक्टर-14 के प्राचार्य जेपी यादव ने बताया कि हरियाणा प्रदेश के कई जिलों की आईटीआई में काफी कम आवेदन आए हैं। ऐसे में विभाग ने ऑनलाइन आवेदन की समयावधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। आगामी दिनों में आवेदनों की संख्या में बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।