संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। महूं गांव के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार एक वर्षीय मासूम की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत के अनुसार, साहिद बाइक पर साहबूदीन और एक वर्षीय साकिब को लेकर घरेलू सामान लेने महूं चौपड़ा जा रहा था। इसी दौरान सामने से आए नीले रंग के सोनालीका ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। उन्हें फिरोजपुर झिरका के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में साकिब की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल साहबूदीन को मांडीखेड़ा अस्पताल से अलवर के निजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर समेत फरार हो गया। जांच अधिकारी एएसआई जमशेद ने बताया कि शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।