अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। केंद्रीय खाद्य एवं पूर्ति मंत्रालय ने वन नेशन वन राशन कार्ड को लेकर पूरे देश में जनजागरूकता का अभियान शुरू किया है। इसी कड़ी में 23 नवंबर को सेक्टर 44 स्थित अपैरल हाउस में एक विशेष समारोह का आयोजन किया जा रहा है जिसमें राशन कार्ड धारक प्रवासी श्रमिकों को इस योजना के प्रति जागरूक किया जाएगा। यह योजना हर श्रमिक के लिए लाभकारी है। हरियाणा के श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री अनूप धानक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगे। उपायुक्त (डीसी) निशांत कुमार यादव ने बुधवार को अपने कार्यालय में आयोजन को लेकर बैठक में यह जानकारी दी। कार्यक्रम को लेकर अतिरिक्त श्रम आयुक्त कुशल कटारिया जिला प्रशासन की ओर से नोडल अधिकारी होंगे।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार ने वन नेशन वन राशन कार्ड कार्यक्रम शुरू किया हुआ है, लेकिन अभी भी बहुत से अंत्योदय परिवारों को इस योजना के बारे में सही जानकारी नहीं है जिस कारण हजारों श्रमिक दूसरे राज्य या दूसरे जिले में जाकर मेहनत-मजदूरी तो करते हैं, परंतु सार्वजनिक वितरण प्रणाली का लाभ नहीं ले पाते। प्रवासी मजदूरों को वन नेशन वन राशन कार्ड की जानकारी देने के लिए सेक्टर 44 स्थित अपैरल हाउस सभागार में 23 नवंबर को सुबह दस बजे एक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में खाद्य एवं पूर्ति विभाग के उच्चाधिकारी, विभाग के केंद्रीय मंत्रालय से उच्चाधिकारी, जिला के प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि भाग लेंगे। इसके अलावा प्रवासी श्रमिकों को इस समारोह में बुलाया जाएगा।
डीसी निशांत कुमार यादव ने कहा कि ऑडियो वीडियो विजुअल के जरिए भी इस कार्यक्रम में श्रमिकों को वन नेशन वन राशन कार्ड के बारे में बताया जाएगा। इस योजना का लाभ यह है कि एक बार राशन कार्ड बन जाने के बाद भारत का नागरिक देश के किसी भी हिस्से में जाकर अपना महीने का राशन नजदीकी डिपो से ले सकता है। इसके लिए उसे खुद को ओएनओआरसी के पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करवाना होता है। बैठक में अतिरिक्त श्रम आयुक्त कुशल कटारिया, डीआईओ विभू कपूर, जिला खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी सौरभ सिंह, राकेश कुमार आदि मौजूद रहे।