गुरुग्राम। पीएम कुसुम योजना के नाम पर किसान से एक लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। किसान ने यूट्यूब पर विज्ञापन देखकर योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन किया था। साइबर थाना मानेसर पुलिस ने बुधवार की शाम केस दर्ज कर लिया है।
गांव बासलंबी निवासी महिपाल ने बताया कि 27 अक्तूबर को यूट्यूब पर पीएम कुसुम योजना का विज्ञापन देखा था, जिसके बाद इस विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया। फोन पर बात करने वाले व्यक्ति ने उससे करीब एक घंटे तक बात की और प्रॉपर्टी सहित अन्य जानकारी ली। आरोप है कि जानकारी लेने के बाद उन्होंने रजिस्ट्रेशन के नाम पर 1850 रुपये फीस मांगी जो ऑनलाइन भर दी, जिसके बाद आरोपियों ने उन्हें अप्रूवल लेटर भेज दिया। झांसे में लेकर अलग-अलग समय पर करीब एक लाख रुपये ठग लिए। ब्यूरो