गुरुग्राम। ताऊ देवीलाल स्टेडियम के क्रिकेट मैदान पर बुधवार को नागेश ट्रॉफी दृष्टिबाधित राष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट (पुरुष) प्रतियोगिता के दौरान दो मैच खेले गए। पहला मैच ओडिशा और केरल के बीच खेला गया, जिसमें ओडिशा ने केरल को करारी शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए ओडिशा की टीम ने 300 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी केरल 12.4 ओवर में मात्र 73 रन पर ढेर हो गई। ओडिशा ने इस मुकाबले में 227 रन की शानदार जीत दर्ज की। दूसरे मैच में दिल्ली ने उत्तराखंड को 88 रन से हरा दिया। कप्तान मनीष कुमार ने 60 गेंदों पर नाबाद 142 रन की शतकीय पारी खेल दिल्ली को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। उत्तराखंड की ओर से दीपक सिंह रावत ने 72 गेंदों पर 90 और अश्वनी शाह ने 51 गेंदों पर 57 रन की नाबाद पारियां खेलीं लेकिन वे लक्ष्य का पीछा नहीं कर सके। संवाद