मानेसर। बारिश के बाद क्षेत्र में वायरल बुखार और सर्दी-जुकाम के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। शुक्रवार को दिनभर हुई बारिश के बाद लोगों की सेहत पर इसका असर देखने को मिला। स्वास्थ्य केंद्रों पर बुखार, जुकाम और खांसी के मरीज अधिक पहुंच रहे हैं। वहीं, बारिश के कारण मच्छरों की संख्या भी बढ़ने लगी है, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।मानेसर के नखडौला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में 70 मरीज जांच के लिए पहुंचे। वहीं, कासन पीएचसी में 80 और भांगरौला पीएचसी में 105 मरीजों ने जांच कराई। इनमें बच्चों की संख्या भी काफी रही। नखडौला पीएचसी के डॉ. तरुण चोपड़ा और भांगरौला पीएचसी के डॉ. अजितेश ने बताया कि शुक्रवार की बारिश के बाद मरीजों की संख्या बढ़ी है। उन्होंने लोगों से बदलते मौसम में अपनी सेहत का खास ध्यान रखने की अपील की है। संवाद