सांप्रदायिक हिंसा के दौरान जिस सहारा होटल और टाइल्स से दंगाइयों ने शोभायत्रा पर पथराव किया था उसे ध्वस्त कर दिया गया है। रविवार को पुलिस की कड़ी सुरक्षा में दोनों तीनमंजिला इमारतों को बुलडोजर चलाकर ढहा दिया गया। दंगाइयों को अपनी इमारत इस्तेमाल करने देने वालों पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई चौथे दिन भी जारी रही।
प्रशासन ने करीब दो दर्जन स्थाई और अस्थाई बिल्डिंगों को ढा दिया जिसमें मुख्य तौर से इस हिंसा में प्रयोग किया गया सहारा होटल व कजारिया टाइल्स का शोरूम शामिल थे। ये दोनों बिल्डिंग तीन मंजिला थी और काफी बड़ी थी। इसके अलावा जिले में शांति रही। किसी प्रकार की कहीं कोई हिंसा व झड़प नहीं हुई ।
नूंह को छोड़कर सभी बाजार खुले रहे । नूंह में कर्फ्यू में ढील के दौरान महज 2- 4 दुकानें ही खुल पाई। बाकी पूरा बाजार बंद रहा । जिले में शांति बनाए रखने के लिए फ्लैग मार्च किया गया तथा जगह-जगह दोनों समुदाय के लोगों को बैठाकर आपसी भाईचारा बनाने की प्रशासन द्वारा अपील की गई। स्वयं डीसी और एसपी इस मुहिम को आगे बढ़ाने के लिए गांव में गए। नूंह में जिला प्रशासन द्वारा चौथे दिन 6 अगस्त को बुलडोजर से तोड़फोड़ अभियान चल रहा है।
सुबह 7:30 बजे से नूंह के मेडिकल कालेज रोड स्थित अभियान चलाया गया। सबसे पहले प्रशासन द्वारा नूंह में सहारा होटल को धराशाही किया गया। दंगाइयों ने इसी सहारा होटल का इस्तेमाल करते हुए ब्रजमंडल यात्रा पर पथराव किया गया। जिसके बाद प्रशासन को इस होटल की संलिप्तता पाए जाने पर बुलडोजर चला दिया। वहीं प्रशासन द्वारा इस ओर कार्रवाई करने से दंगाइयों और उनके परिजनों में हड़कंप मचा हुआ है। हालातों को देखते हुए जिला नूंह में इंटरनेट सेवाएं 8 अगस्त तक बंद रहेंगी।
जिला में अवैध निर्माण तथा असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्यवाही की जा रही है। जिला में आज की कार्यवाई मिलाकर कुल 37 स्थानों पर 57.5 एकड़ भूमि से अवैध निर्माण हटाया गया है। जिला में अब तक 162 स्थाई तथा 591 कच्चे स्ट्रक्चर धराशायी किए गए हैं
बता दें कि इससे पहले शुक्रवार को नल्हड़ मेडिकल कॉलेज के सामने लगभग 2.6 एकड़ भूमि से अवैध निर्माण हटाया गया। इस क्षेत्र में 45 से अधिक स्ट्रक्चर थे जिन्हें धराशायी किया गया। इसके अलावा, 13 से 15 स्ट्रक्चर अस्थाई तौर पर बनाए गए थे जिन्हें हटाया गया है। इसी प्रकार नल्हड़ मंदिर के अलावा पिनगवां, गांव बीसरू, गांव बीवा, नांगल मुबारिकपुर, पालड़ा शाहपुरी, अगोन, सहारा होटल के पास के क्षेत्र, अडबर चौंक, नल्हड़ रोड, तिरंगा चौक के आस पास के क्षेत्रों सहित कई अन्य स्थानों पर अवैध निर्माण हटाया गया। इसी प्रकार, तावडू उपमंडल क्षेत्र के गांव सहसोला में 24 अस्थाई तथा 1 पक्के स्ट्रक्चर को हटाया गया।