मानेसर में चार, फर्रुखनगर में चार, सोहना में सात, बादशाहपुर और पटौदी-मानेसर में एक-एक काॅलोनी शामिल
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नगर निगम क्षेत्र से बाहर अन्य 21 अवैध कॉलोनियों को नियमित करने के लिए सरकार ने अधिसूचना जारी कर दी है। इनमें मानेसर, पटौदी, फर्रुखनगर और सोहना की कॉलोनियां शामिल हैं। इनके नियमित होने से इनमें विकास कार्यों का रास्ता खुल जाएगा। इनमें नक्शे पास हो सकेंगे और विकास के लिए शासन से धन स्वीकृत हो सकेगा।
जिन कॉलोनियों के लिए अधिसूचना जारी की गई है उसमें मानेसर में चार, फर्रुखनगर में चार पटौदी में सात, सोहना में चार, बादशाहपुर में एक, पटौदी-मानेसर में एक कॉलोनी शामिल है। इससे पहले सरकार द्वारा मानेसर नगर निगम क्षेत्र में तीन और गुरुग्राम नगर निगम क्षेत्र में 13 कॉलोनियों को नियमित किया गया था। इस तरह अब कर 37 अवैध कॉलोनियों को नियमित करने की कार्रवाई हो चुकी है।
इन कॉलोनियों में रहने वालों से विकास शुल्क वसूला जाएगा। संपत्ति कर और अन्य तरह के कर के दायरे में आने के बाद यहां तेजी से विकास भी होंगे। अवैध कॉलोनियों के लिए किए गए सर्वे के बाद नगर निगम क्षेत्र में 103 कॉलोनियों को नियमितीकरण के लिए चिह्नित किया गया था। जबकि नगर निगम क्षेत्र से बाहर 102 कॉलोनियों का चिह्नांकन किया गया था।