पुन्हाना। जैंवत गांव में जलभराव की समस्या को लेकर आमजन को असुविधा, जलभराव से हुए नुकसान व लंबे समय तक पानी भरा होने के चलते पुन्हाना के एसडीएम ने खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी सहित ग्राम सचिव व जैंवत गांव के सरपंच को भारतीय न्याय संहिता बी 133 व 152 के तहत नोटिस जारी किए हैं। एसडीएम पुन्हाना संजय कुमार ने बताया की जैंवत गांव के सरपंच द्वारा जलभराव की समस्या को प्राथमिकता के तौर पर समाधान करना चाहिए था लेकिन इतने लंबे समय तक पानी भरा होने के कारण ग्रामीणों को काफी असुविधा हुई। जलभराव से ग्रामीणों को नुकसान हुआ लेकिन पंचायत की ओर से जलभराव को लेकर कोई पहल नहीं की गई और ना ही इस बारे में प्रशासन को अवगत कराया गया। नोटिस के तहत बीडीपीओ सहित ग्राम सचिव व सरपंच को अपना पक्ष रखने के लिए 15 जनवरी का समय दिया गया है, जिसके बाद कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। संवाद