प्राइवेट बसों का ले रहे सहारा, शहर में कई जगह से दूसरे प्रदेशों को हो रहा संचालन
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। होली पर ट्रेनों में कंफर्म टिकट नहीं मिलने और भीड़ अधिक होने से उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड सहित अन्य प्रदेशों में जाने वाले डबल डेकर बसों में टिकट बुक करा रहे हैं। इन बसों में भी टिकट 200 से 400 रुपये महंगी मिल रही है। गुरुग्राम में राजीव चौक, इफको चौक, हीरो होंडा चौक, सेक्टर-12, उद्योग विहार, खांडसा मंडी सहित अन्य कई स्थानों से दूसरे प्रदेशों के लिए निजी बसों का संचालन किया जाता है।
होली त्योहार को अपने परिवार वालों के साथ मनाने के लिए लोग महंगी टिकट लेकर भी अपने घरों को जा रहे हैं। हालांकि बस संचालकों का कहना है कि होली पर अपने घर जाने वालों की संख्या पिछले वर्ष की अपेक्षा काफी कम है। जय श्री बालाजी ट्रैवल्स से देवेंद्र यादव ने बताया कि रोजाना राजीव चौक से तीन या चार बसें ही बिहार या उत्तर प्रदेश के लिए चलती हैं। जबकि वापस गुरुग्राम लौटते समय बसों में काफी कम यात्री आ रहे हैं। मां शीतला ट्रेवल्स के संचालक ने बताया कि बसों के वापस खाली आने की वजह से किराए में बढोतरी की गई है। त्योहार के बाद जब दोनों तरफ से सवारियों का आवागमन शुरू होता तो तय किराया ही यात्रियों से लिया जाएगा।
राजीव चौक से चलने वाली निजी बस के संचालक संदीप यादव ने बताया कि मार्च माह के अंतिम सप्ताह में होली के कारण काफी लोग अपने घरों पर नहीं जा पा रहे। वहीं कुछ लोग शादी-विवाह के समय अपने घर गए थे तो वे होली से पहले वापस नहीं लौटे। ऐसे में अब होली त्योहार पर घर जाने वालों की संख्या कम है। तीन या चार बसें ही रोजाना जा रही हैं। शनिवार को बसों की संख्या बढ़ सकती है।
प्रयागराज के रहने वाले विपिन कुमार का कहना है कि वह निजी कंपनी में काम करता है और खाडसा गांव में रहता है। प्रयागराज को चलने वाली सभी ट्रेनों में टिकट उपलब्ध नहीं है। इसके चलते इस बार वह बस से होली पर गांव जा जाएगा। त्योहार की भीड़ के कारण बंस संचालकों द्वारा 200 से 400 रुपये अधिक लिए जा रहे हैं।