यहां रहते हैं करीब 60 हजार लोग , अनधिकृत होने के कारण सीवेज, सड़क, पानी की लाइन नहीं
न्यू पालम विहार की 570 एकड़ में बसी कॉलोनियों के लोगों को वैध किए जाने का इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शुक्रवार को जब लोगों ने सरकार द्वारा जारी नगर निगम क्षेत्र में वैध होने वाली कॉलोनियों की सूची देखी तो उन्हें निराशा हासिल हुई । मानेसर की तीन कॉलोनियां वैध होने वाली कॉलोनियों की सूची में शामिल है। न्यू पालम विहार की कोई कॉलोनी वैध नहीं हुई। नगर निगम के नगर योजनाकार ने न्यू पालम विहार और आस-पास के इलाकों में 570 एकड़ में स्थित कई कॉलोनियों का सर्वे किया था। वैधता का इंतजार कर रहे कॉलोनियों के प्रतिनिधियों ने पिछले दिनों शहरी विकास विभाग के निदेशक डाॅ. यशपाल यादव और मुख्यमंत्री के ओएसडी जवाहर यादव से मुलाकात कर कॉलोनियों को वैध किए जाने को लेकर ज्ञापन दिया था।
जिन कॉलोनियों को वैध होने का इंतजार है, उनमें साहिब कुंज, गंगा विहार, चंदन विहार, न्यू पालम विहार,उपवन सोसाइटी, न्यू पालम विहार, निहाल कॉलोनी एक्सटेंशन आदि शामिल है। साई कुंज सोसाइटी के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष राकेश राणा ने बताया कि इन इलाकों में करीब 60 हजार लोग रहते हैं। सघन बसी इन कॉलोनियों के पास न सड़क है, न सीवेज लाइन और न ही पेयजल के लिए पाइप लाइन। वैधता की सारी शर्तें ये कॉलोनियां पूरा करती हैं। नगर निगम के योजनाकार ने जब इस कॉलोनियों का सर्वे कराया था तब हमें पूरी उम्मीद थी कि वैध कॉलोनियों की सूची में ये कॉलोनियां आ जाएंगी मगर हरियाणा सरकार द्वारा वैध की जाने वाली कॉलोनियों की जो सूची जारी की गई है, उसमें मानेसर की तीन छोटी कॉलोनियां ही शामिल हैं। न्यू पालम विहार के लोगों को इससे निराश हुए हैं।