दोनों परियोजना पर गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण 325 करोड़ रुपये खर्च करेगा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। शहर में पेयजल आपूर्ति को बेहतर करने के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) बसई और चंदू बुढ़ेरा पानी शोधन संयंत्र में 100-100 एमएलडी के नए संयंत्र बनवाने जा रहा है। दोनों परियोजना पर करीब 325 करोड़ रुपये खर्च आने का अनुमान है। इस परियोजना को जीएमडीए की बोर्ड बैठक में मंजूरी के लिए रखा जाएगा।
शहर के कई क्षेत्रों में पेयजल की समस्या रहती है। इसे दूर करने के लिए जीएमडीए कदम उठा रहा है और पेयजल की सप्लाई बढ़ाने के लिए दो और नए संयंत्र स्थापित करने जा रहा है। योजना के तहत चंदू बुढ़ेरा में 100 एमएलडी का एक नया संयंत्र निर्माण किया जाना है। इस पर करीब 78 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत जाएगी। दूसरा बसई में 100 एमएलडी के नए पेयजल शोधन संयंत्र के निर्माण पर 247 करोड़ रुपये का खर्च आने का अनुमान है। दोनों संयंत्रों में स्कॉडा प्रणाली लागू की जाएगी । जीएमडीए के अनुसार सेक्टर 1-57 के लिए नहरी आधारित जल वितरण नेटवर्क को पूरा किया जा चुका है। वहीं, सेक्टर 58-70, 81-95, 102-115 के लिए पानी वितरण नेटवर्क बिछाकर सप्लाई की जा रही है। अन्य सेक्टरों में पाइपलाइन नेटवर्क बिछाया जा रहा है और इस साल के अंत तक पूरा होने की संभावना है। दूसरी ओर शहर में स्टिल्ट प्लस फोर मंजिला भवनों के निर्माण के कारण जनसंख्या में वृद्धि हो रही और सेक्टर 1-57 में मौजूदा बुनियादी ढांचे पर भी भार बढ़ा है। इस क्षेत्र में बसई संयंत्र से पानी की आपूर्ति की जाती है और आंशिक रूप से चंदू बुढ़ेरा पर भी निर्भर है। इससे कई बार इस क्षेत्र में पेयजल सप्लाई प्रभावित होती है। इसके अलावा, मानेसर के गांवों और शहरी क्षेत्र में नहर आधारित पेयजल आपूर्ति प्रदान करने की योजना है। इस लाइन पर सेक्टर 58-115 के शहरी क्षेत्र में आने वाले गांवों और मानेसर, खोह, कासन, नाहरपुर-कासन जैसे अन्य नजदीकी गांवों में जलापूर्ति प्रदान करके शुरुआत करने की योजना है। सेक्टर 1-57 में पानी सप्लाई के लिए बसई और चंदू बुढ़ेरा संयंत्र से आंशिक रूप से बेहतर कर सेक्टरों में जलापूर्ति की कमी को दूर करने का प्रयास किया गया है।
पीने योग्य पानी की वर्तमान मांग 670 एमएलडी
जीएमडीए के अनुसार पीने योग्य पानी की वर्तमान मांग लगभग 670 एमएलडी है। 570 एमएलडी के लिए मौजूदा बुनियादी ढांचा है। ऐसे में पानी की कमी को पूरा कर भूजल दोहन रोकना है। बसई स्थित जल शोधन संयंत्र पर पश्चिमी यमुना नहर से 69 किलोमीटर से पानी लाया जाता है। इसी प्रकार चंदू बुढे़रा जल शोधन संयंत्र पर 65 किलोमीटर के एनसीआर चैनल के माध्यम से पानी पहुंचता है।
शहर में पेयजल आपूर्ति को बेहतर करने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं। इसी को ध्यान में रखकर दो संयंत्रों का निर्माण चल रहा और नए संयंत्र बनाने की भी योजना तैयार की गई है। शहर में बूस्टिंग स्टेशनों में भी सुधार कराया जा रहा है।-राजेश बंसल, मुख्य अभियंता जीएमडीए