- सेक्टर-23 इलाके में अजीबोगरीब ढंग से ऑनलाइन ठगी, कोलकाता स्थित बैंक शाखा में क्रेडिट हुए रुपये, पुलिस जांच में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। साइबर सिटी के सेक्टर-23 इलाके में अजीबोगरीब ढंग से ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। न किसी ने पीड़ित को कॉल करके बैंक खाते की पर्सनल जानकारी ली और न ही किसी तरह का ओटीपी बताया, फिर भी उनके बैंक खाते से पांच लाख रुपये कट गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित कुमार कृष्ण संधवानी ने शिकायत देकर बताया कि बीती 20 फरवरी की शाम उनके फोन पर एक मैसेज आया, जिसमें उनके एसबीआई बैंक खाते से पांच लाख रुपये कटने की जानकारी थी। उन्होंने किसी तरह का लेन-देन नहीं किया था और न ही किसी ने उनसे ओटीपी नंबर पूछा था। किसी का कॉल भी उनके पास नहीं आया था। उन्होंने आनन-फानन में नेट बैंकिंग और एटीएम समेत अन्य बैंकिंग सेवाएं बंद करवा दीं। इसके बाद साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर मामले की शिकायत की। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि पीड़ित के बैंक खाते से कोलकाता स्थित बैंक शाखा में रुपये क्रेडिट हुए हैं। पुलिस ने बताया कि खाताधारक के पते पर जाकर पूछताछ की गई है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।