नूंह। नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स ब्यूरो व पुलिस ने भादल स्थित एक घर में छापेमारी कर करीब 70 हजार की लागत के कैप्सूल बरामद किए हैं। वहीं, एक महिला को मौके से गिरफ्तार किया है। महिला का पति मौके पर नहीं मिला, जिसकी तलाश की जा रही है। जानकारी के अनुसार हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स ब्यूरो को सूचना मिली थी कि गांव भादस में प्रतिबंधित कैप्सूल अवैध रूप से बेचे जा रहे हैं। इसके बाद ब्यूरो की गुरुग्राम टीम ने मौके पर छापेमारी की। मौके पर एक महिला घर में ही नशे के कार्य में इस्तेमाल किए जाने वाले प्रतिबंधित कैप्सूल ट्रॉमाडोल बेचती मिली। जांच के दौरान टीम ने पाया कि दोनों दंपती मिलकर नशे के कैप्सूल बेचने का काम करते हैं। टीम को मौके से करीब 12 हजार कैप्सूल बरामद हुए, जिनकी बाजार में कीमत 70 हजार से अधिक है। आरोपी इन कैप्सूल को महंगे दाम पर बेचते थे। आरोपी शाकिर (29) मौके से फरार हो गया। टीम ने मौके पर मिली आसमां (25) को गिरफ्तार कर लिया। संवाद