गुरुग्राम के भोड़ाकलां निवासी स्क्रैप कारोबारी सुमित चौहान की बदमाशों ने बृहस्पतिवार देर रात गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया है।
बिलासपुर थाना प्रभारी अजय मलिक ने बताया कि यह मामला व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा का लग रहा है। आरोपियों की तलाश में जगह-जगह दबिश दी जा रही है, जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साइबर सिटी मेें अपराधी बेलगाम हो चुके हैं। बृहस्पतिवार दोपहर भी भाजपा नेता सुखबीर की हत्या कर दी गई थी।
पुलिस के मुताबिक भोड़ाकलां निवासी स्क्रैप डीलर सुमित चौहान बृहस्पतिवार देर रात करीब 11:15 बजे कार्यालय से घर के लिए निकले थे। वह बाइक से जा रहे थे। सुमित भोड़ा खुर्द के पास पहुंचे ही थे कि बाइक सवार दो बदमाश पीछे से आए और उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, जिससे वह जमीन पर गिर गए। मोटरसाइकिल से गिरने के बाद भी आरोपी सुमित पर गोलियां चलाते रहे। सुमित के दम तोड़ने की पुष्टि होने पर बाइक सवार बदमाश फरार हो गए।
पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे
वारदात की सूचना जब पुलिस को मिली तो अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन बिलासपुर थाना पुलिस के साथ ही विभाग के उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी प्राप्त की। घायल सुमित को मेदांता अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक जांच के बाद ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हत्याकांड के बाद ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
सिर में लगी दो गोलियां
सुमित के पिता दिनेश चौहान की शिकायत पर बिलासपुर थाना पुलिस ने प्रह्लाद, जोगिंदर, हरेंद्र, मोहित, अमित और भूपेंद्र के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें जोगेंद्र उर्फ कालूराम व हरेंद्र मुख्य आरोपी बताए जा रहे हैं। मृतक के भाई ने बताया कि सुमित के सिर में दो गोली लगी हैं, जबकि एक गोली कमर में लगी है।