निगम द्वारा स्थायी एजेंसी को काम सौंपने की तैयारी, बजट पास होने के बाद ऑनलाइन टेंडर लगाकर आवेदन मांगे गए
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शहर के सेकेंडरी कूड़ा कलेक्शन प्वाइंटों ( खत्तों ) से कूड़ा उठाकर बंधवाड़ी लैंडफिल साइट तक पहुंचाने में निगम की दिक्कतों पर अब विराम लगेगा। इसको लेकर निगम आठ करोड़ रुपये और खर्च करेगा। बजट की अनुमति मिलने के बाद निगम द्वारा टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। निगम द्वारा अभी बिना टेंडर ही निजी एजेंसियों से काम कराया जा रहा था। निगम ने ऑनलाइन टेंडर लगाकर एजेंसियों से आवेदन मांगे हैं।
बिना किसी तैयारी के ही कूड़ा उठाने वाली एजेंसी ईकोग्रीन का करार रद्द कर दिया गया था । कूड़ा उठाने के लिए नई एजेंसियों को काम सौंप दिया गया। टेंडर देते समय नई एजेंसियों के संसाधनों और कार्य क्षमता की समुचित ढंग से जांच नहीं की गई। जिसके चलते शहर में कचरे के ढेर लग गए थे। शहर में 11 जून से कूड़े का आपातकाल लागू है। इसके बाद निगम ने रुचि की अभिव्यक्ति के आधार पर बिना टेंडर प्रक्रिया ही निजी एजेंसियों को कूड़ा उठाने का काम सौंपा था। इसमें निगम ने करीब एक माह में करीब साढ़े पांच करोड़ रुपये खर्च कर दिए हैं। निजी एजेंसियों द्वारा अभी तक कूड़ा उठाया जा रहा है।
अब निगम द्वारा स्थाई तौर पर एक एजेंसी को ही यह काम सौंपने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए निगम ने एस्टीमेट बनाकर सरकार को भेजा था। जिसकी अनुमति मिलने के बाद निगम ने 8 करोड़ रुपये की लागत से एक टेंडर लगा दिया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्थायी तौर पर एक एजेंसी चारों जोन के सभी सेकेंडरी कलेक्शन प्वाइंटों से कूड़ा उठाकर बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पहुंचाएगी।