गुरुग्राम। नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने निगम से बिना काम किए वेतन ले रहे लोगों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में उन्होंने सलाहकारों की छंटनी करनी शुरू कर दी है। निगम आयुक्त ने शुक्रवार को स्वच्छ भारत मिशन में लगी सुरभि चौहान की सेवाएं समाप्त कर दी है। इसको लेकर निगम आयुक्त ने आदेश जारी कर दिए हैं। बता दें कि नगर निगम गुरुग्राम में फिलहाल 55 से अधिक सलाहकार अलग-अगल पदों पर लगे हुए हैं। निगम की तरफ से इनको 50 हजार रुपये से लेकर एक लाख रुपये तक का वेतन दिया जाता है। इसके अलावा कार्यालय और गाड़ी की भी सुविधाएं दी जा रही हैं जबकि इनमें से अधिकतर सलाहकार तो निगम में कभी नजर तक नहीं आते हैं और दस से पंद्रह ऐसे सलाहकार भी लगे हुए हैं, जिनकी उम्र 65 साल से भी अधिक हो चुकी है। संवाद