कोरोना पीड़ित दामाद को देखने पहुंची सास भी हुई संक्रमित
सोहना। कस्बे के निवासी एक कोरोना संक्रमित युवक से हमदर्दी दिखाना उसकी सास को भारी पड़ गया और वह भी कोरोना की चपेट में आ गई। स्वास्थ्य विभाग ने पलवल से दामाद का हालचाल लेने आई सास को आइसोलेट कर दिया है। बृहस्पतिवार को सोहना से कोरोना पीड़ित महिला के अलावा 6 अन्य लोग भी संक्रमित पाए गए। सभी को आइसोलेट कर दिया गया है। सोहना कस्बे के निवासी एक युवक में कुछ दिन पहले ही संक्रमण की पुष्टि हुई थी। दामाद के संक्रमित होने की सूचना पाकर पलवल निवासी उसकी सास युवक का हालचाल लेने पहुंची थी। इसकी जानकारी जब स्वास्थ्य विभाग को लगी तो विभागीय कर्मचारियों ने पलवल से आई महिला की जांच की तो वह भी कोरोना संक्रमित निकली। महिला व 6 अन्य कोरोना मरीजों को आइसोलेट कर दिया गया है। सोहना उपमंडल अस्पताल में बृहस्पतिवार को 81 लोगों की कोविड-19 की जांच की गई, जिसमें से 7 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। ज्ञात हो कि सोहना शुरू से ही कोरोना का हॉट स्पॉट रहा है। अभी तक सोहना कस्बे व ग्रामीण इलाकों में लगातार मरीज सामने आ रहे हैं। यही वजह है कि स्वास्थ्य विभाग भी सोहना में नियमित रूप से जांच अभियान चलाने के साथ ही रैपिड एंटीजन किट के जरिए भी लोगों की जांच कर रहा है। इसके जरिए तेजी से मरीजों की पहचान की जा रही है।