खेल मंत्री संजय सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया, कहा- मानव व प्रकृति के बीच सामंजस्य स्थापित करता है योग
- योग- स्वयं और समाज के लिए विषय पर मनाया जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम
- खेल मंत्री संजय सिंह ने दीप प्रज्वलित करके किया योग दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। 10वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर शुक्रवार की सुबह गुरुग्राम में योग-स्वयं और समाज के लिए विषय के साथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन व आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सेक्टर-38 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम में 2500 से अधिक बच्चे, खिलाड़ी व महिला-पुरुष शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर हरियाणा के पर्यावरण, वन एवं वन्य जीव व खेल मंत्री संजय सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित करके योग दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में खेल मंत्री संजय सिंह के साथ उपायुक्त निशांत कुमार यादव, पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा, डीसीपी दीपक गहलावत, एडीसी हितेष कुमार मीणा, हरेरा सचिव अनु, एसडीएम गुरुग्राम रविंद्र कुमार, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जीएल शर्मा सहित अन्य लोगों ने योग क्रियाएं की। योग दिवस के शुभारंभ अवसर पर खेल मंत्री संजय सिंह ने प्रदेशवासियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में और मुख्यमंत्री नायब सिंह के मार्गदर्शन में आज हम 10वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम भव्य ढंग से मना रहे हैं। उपायुक्त निशांत कुमार ने कहा कि आज का यह दिवस स्वयं और समाज को योग के प्रति स्वास्थ्य सुधार की दिशा में चेतना पैदा करने में अहम है। इस आयोजन का उद्देश्य दूसरों को भी योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रोत्साहित करना है।
नौ व्यायामशालाओं का शिलान्यास
संजय सिंह ने बताया कि प्रदेश में योग को बढ़ावा देने के लिए हरियाणा योग आयोग का गठन किया गया है और गांवों में व्यायामशालाएं खोली जा रही हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को गुरुग्राम में नाै व्यायामशाला का शिलान्यास किया गया है। उन्होंने कहा कि आयुष विभाग में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत जिला स्तर पर आयुष विंग स्थापित किए गए हैं और इनमें योग विशेषज्ञों की नियुक्ति की गई है। इसके अलावा सभी आयुर्वेदिक औषधालयों को आयुष हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर में अपग्रेड किया जा रहा है। कार्यक्रम में खेल मंत्री द्वारा स्टेडियम में अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों को खेल किट भी प्रदान की।