कोर्ट में 8 जनवरी को होगी सुनवाई
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश जसवीर सिंह की अदालत में हत्या के प्रयास मामले में आरोपी मोनू मानेसर की सुनवाई बृहस्पतिवार को हुई। इस मामले में भोंडसी जिला जेल में बंद आरोपी मोहित उर्फ मोनू मानेसर की वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेशी कराई गई। अदालत ने दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं से जरूरी औपचारिकताएं भी पूरी कराई गई। इस मामले में अगली सुनवाई अब 8 जनवरी 2024 को होगी।
आरोपी मोनू मानेसर के अधिवक्ता एलएन पाराशर व कुलभूषण भारद्वाज के अनुसार पटौदी पुलिस थाना क्षेत्र में 6 फरवरी को पटौदी के बब्बर शाह मोहल्ले में दो पक्षों के बीच हुए विवाद में मोहीन की कमर में गोली लगी थी। मोहीन के पिता मुबीन खान ने मोहित उर्फ मोनू मानेसर के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कराया था। मोनू मानेसर को नूंह पुलिस ने भड़काऊ भाषण के मामले में गिरफ्तार किया था। उसी दिन राजस्थान पुलिस मोनू मानेसर को नासिर-जुनैद हत्याकांड में प्रोडक्शन वारंट पर ले गई थी। इसके बाद ही पटौदी थाना पुलिस इस मामले में मोनू को राजस्थान से लेकर आई थी। तभी से भोंडसी जिला जेल में बंद है।
पटौदी थाना पुलिस ने मोनू मानेसर के खिलाफ अदालत में भादंस की धारा 307, 147, 148, 149 व 120बी के तहत आरोपी मानते हुए पटौदी अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी थी। चार्जशीट पेश किए जाने के बाद अदालत में दोनों पक्षों की जिरह भी हुई थी। पटौदी अदालत ने सुनवाई के लिए जिला एवं सत्र न्यायालय में भेज दिया था। अब इस मामले में गवाही शुरू होनी है।