संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखनगर । बादशाहपुर के विधायक राकेश दौलताबाद ने रविवार को फर्रुखनगर - झज्जर रोड पर स्थित 5 करोड़ 17 लाख रुपये की लागत से बनाए जा रहे निर्माणाधीन सामुदायिक केन्द्र के अलावा 50 लाख रुपये से तैयार नवनिर्मित धानक चौपाल का विधिवत उद्घाटन किया। सामुदायिक केन्द्र में लाइब्रेरी , टेनिस के लिए भी अलग से जगह बनाई जाएगी। फर्रुखनगर में यह सामुदायिक केन्द्र 7 कनाल में बनकर तैयार होगा। सामुदायिक केन्द्र बनने से लोगों को काफी राहत मिलेगी। विधायक के पहुंचने पर फूलमालाओं एवं पगड़ी बांधकर सम्मान किया गया। इस मौके पर संदीप यादव एडवोकेट ने विधायक राकेश दौलताबाद से मांग करते हुए कहा कि बस स्टैंड, रिंग रोड, गर्ल्स स्कूल भवन निर्माण एवं खेल स्टेडियम के फाइलों में लटके कार्य को गति दिलवाएं। आमजन बहुत ही परेशान हैं। इस पर विधायक राकेश दौलताबाद ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने चुनाव के दौरान जो भी वायदे किए थे सभी पूरा करवाएंगे। उन्होंने कहा कि गर्ल्स स्कूल का कार्य उनकी प्राथमिकता में शामिल है अगले सप्ताह से इस कार्य को कराने के लिए भी उच्चाधिकारियों से बातचीत की जाएगी। उद्घाटन समारोह के दौरान इलाके के गणमान्यजन, पंच, सरपंच, समाजसेवी एवं पार्षदगण मौजूद रहे।