भवानी एनक्लेव में देर रात बिजली गुल होने पर दिया वारदात को अंजाम
मर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-9 थाना क्षेत्र के भवानी एनक्लेव में देर रात बिजली गुल होते ही शरारती तत्वों ने कॉलोनी में खड़ी 30-40 गाड़ियों के शीशे ईंट पत्थर मारकर तोड़ डाले। वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। घटना को अंजाम देने वाले आरोपी एक सीसीटीवी में कैद हुए हैं। शिकायत मिलने पर पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शिकायत में कॉलोनी के लोगों ने कहा कि रात को डेढ़ से दो बजे के आसपास अचानक बिजली गुल हो गई। अंधेरा छाते ही कुछ शरारती तत्व वहां पहुंचे। उन्होंने ईंट-पत्थर मारकर वहां खड़े वाहनों के शीशे तोड़ डाले। करीब 30-40 गाड़ियों के शीशे तोड़े गए हैं। वाहन मालिकों को इसकी जानकारी तब हुई जब वह सुबह सो कर उठे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंंची और छानबीन शुरू कर दी।
सीसीटीवी फुटेज देखने पर सामने आया कि एक युवक गाड़ी के शीशे पर ईंट मार रहा है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। कॉलोनी में रहने वालों का कहना है कि ये कोई आपसी रंजिश नही है, अगर आपसी रंजिश होती तो किसी एक गाड़ी के शीशे तोड़ जाते। यहां तो दर्जनों गाड़ी के शीशों को तोड़ा गया है। शिकायत मिलने पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपियों की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं।