तालाब से भैंस को बाहर निकालने के लिए पानी में उतरा था
संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखनगर। खंड के गांव हरिनगर डूमा में 14 वर्षीय किशोर की तालाब में डूबने से मौत हो गई। तालाब से भैंस को बाहर निकालने के लिए पानी में उतरा था। मौके पर पहुंची पुलिस व दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद तालाब से शव को बाहर निकाला जा सका।
सरपंच पति मुकेश कुमार ने बताया कि डूमा निवासी जयपाल के तीन बेटों में सबसे छोटा 14 वर्षीय अजय आठवीं का छात्र था। बुधवार दोपहर करीब एक बजे अजय आस पड़ोस के बच्चों के साथ भैंस चराने गया था। इस दौरान अजय अपनी भैंस को पानी पिलाने के लिए जोहड़ पर आया था। तभी भैंस पानी पीकर गहरे पानी में उतर गई। अजय भी भैंस को तालाब से निकालने के लिए पानी में उतरा था, तभी वह पैर फिसलने से गहरे पानी में चला गया।
उसको डूबता देखकर दूसरे बच्चे दौड़कर गांव पहुंचे और सूचना परिजनों को दी। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने पानी में उसकी खोजबीन शुरू की। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।