कहीं पाइप लाइन टूटने तो कहीं पानी की टंकी ओवरफ्लो होने के कारण बर्बाद हो रहा है पेयजल
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। एक ओर शहर के लोग पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं तो दूसरी ओर लापरवाही के कारण लाखों लीटर पानी सड़कों पर बह रहा है। मंगलवार की शाम सूरत नगर के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष राकेश तंवर ने दौलताबाद फ्लाईओवर के नीचे स्थित पानी की टंकी के ओवरफ्लो होने से बहने वाले पानी की वीडियो सोशल मीडिया पर जारी की है। इस वीडियो में दौलताबाद फ्लाईओवर के नीचे झील की तरह पेयजल बहता नजर आ रहा है।
राकेश तंवर ने बताया कि इस पानी की टंकी से राजेंद्रा पार्क और सूरत नगर में पानी की आपूर्ति होती है। यह इस जगह की दूसरी घटना है। पानी सड़क पर जमा होकर बर्बाद हो रहा है। पानी की टंकी के ऑपरेटर की लापरवाही के कारण पानी बर्बाद हुआ है। इस टंकी के पास की यह दूसरी घटना है। इसी प्रकार सेक्टर 27 में मकान संख्या 203 के पास शनिवार सुबह 11 बजे से पेयजल की लाइन में लीकेज के कारण झील जैसा नजारा बना गया था। सेक्टर 27 और 28 में इस सेक्टर की लाइन से पानी जाता है।
इलाके के निवासी विकास यादव ने बताया कि मंगलवार शाम सात बजे इसकी मरम्मत की गई। इस बीच लाखों लीटर पेयजल बर्बाद हुआ। सुबह शाम जब पानी की आपूर्ति हुई, इस लीकेज से बहुत सारा पानी बहा दूसरी ओर सेक्टर के 100 घरों में पेयजल की आपूर्ति इस दौरान बाधित रही।आरडी सिटी के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष प्रवीण यादव ने बताया कि आरडी सिटी में भी पाइप लाइन लीकेज के कारण पिछले दस दिनों से डी ब्लॉक में लीकेज के कारण पानी बर्बाद हो रहा है।