रूट में आ रही रुकावटें और यूटिलिटी शिफ्ट करने का काम शुरू करेगा जीएमडीए
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। शहर में मेट्रो विस्तार परियोजना के लिए रूट तैयार करने का काम अगले महीने शुरू हो जाएगा। गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (जीएमडीए) मेट्रो रूट के रास्ते में आ रही रुकावटें को साफ करने और यूटिलिटी शिफ्टिंग करने का काम शुरू करने जा रहा है। इसी के साथ मेट्रो विस्तार परियोजना का काम भी रफ्तार पकड़ने लग जाएगा। प्रोजेक्ट के लिए डिजाइन कंसलटेंट तय करने की प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है।
करीब 6 हजार करोड़ रुपये की लागत से 28.05 किलोमीटर लंबी इस परियोजना का निर्माण किया जा रहा है। इसमें 27 स्टेशन होंगे। पूरा प्रोजेक्ट एलिवेटेड होगा। डिपो से कनेक्टिविटी के लिए बसई गांव से एक स्पर (साइड लाइन) होगा। इस प्रोजेक्ट को 4 साल में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस परियोजना को हरियाणा मास रेपिड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचएमआरटीसी) द्वारा लागू किया जाएगा। इस पर 1433 एमएम (5 फीट 8.5 इंच) की स्टैंडर्ड गेज लाइन होगी। मेट्रो के एलिवेटेड रूट के रास्ते में आने वाले बिजली के खंभे, नीचे से गुजर रहीं पाइप लाइन, सीवर लाइन अन्य प्रकार की जनसुविधाओं की शिफ्टिंग काम अगले महीने से शुरू होगा।
डिजाइन कंसलटेंट के लिए भी चल रही है प्रक्रिया
हुडा सिटी सेंटर से साइबर सिटी मेट्रो विस्तार परियोजना के लिए डिजाइन कंसलटेंट नियुक्त करने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (एचएमआरटीसी) इस काम के लिए आई निविदाओं का मूल्यांकन कर रही है। यह कंसलटेंट पूरे मेट्रो सिस्टम का विस्तृत डिजाइन उपलब्ध कराएगा। इसमें सभी 27 एलिवेटेड स्टेशनों का ले आउट प्लान भी शामिल है। साथ ही फुट ओवर ब्रिज, कलवर्ट आदि का डिजाइन भी शामिल रहेगा। एचएमआरटीसी के निदेशक (ऑपरेशन) करन सिंह कहते हैं कि प्रोजेक्ट का डिजाइन इस बात को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जाएगा कि ट्रेन की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहे तो कोई समस्या नहीं हो।
नई परियोजना में यह होंगे 27 स्टेशन (सभी एलिवेटेड)
हुडा सिटी सेंटर, सेक्टर-45, साइबर पार्क, सेक्टर 47, सुभाष चौक, सेक्टर-48, सेक्टर-72 ए, हीरो होंडा चौक, उद्योग विहार फेज- 6, सेक्टर-10, सेक्टर-37, बसई गांव, सेक्टर-9, सेक्टर 7, सेक्टर 4, सेक्टर-5 , अशोक विहार, सेक्टर-3, बजघेड़ा रोड, पालम विहार एक्सटेंशन , पालम विहार, सेक्टर-23 ए, सेक्टर-22, उद्योग विहार फेज-4, उद्योग विहार फेज-5, साइबर सिटी से द्वारका एक्सप्रेसवे (सेक्टर 101)