गुरुग्राम। गुरुग्राम विश्वविद्यालय में ऑपरेशन सिंदूर विषय पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कुलगुरु डॉ. संजय कौशिक, मेजर जनरल जीडी बक्शी, महामंडलेश्वर स्वामी धर्मदेव एवं विश्व हिन्दू परिषद के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख विजय शंकर तिवारी ने मां भारती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया। मुख्य वक्ता जीडी बक्शी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर भारतीय सेना की वीरता, रणनीति और अदम्य साहस का प्रमाण है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इस अभियान से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी ऊर्जा का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि यह केवल सैन्य कार्रवाई नहीं बल्कि मातृभूमि की रक्षा हेतु बलिदान और संकल्प की सर्वोच्च मिसाल है। उन्होंने साथ ही युवाओं को अनुशासन और मूल्य आधारित जीवन अपनाने का संदेश दिया। विजय शंकर तिवारी ने राष्ट्रीय एकता व जागरूकता पर बल देते हुए युवाओं को सकारात्मक सोच के लिए प्रेरित किया। कुलगुरु डॉ. संजय कौशिक ने कहा कि ऐसे आयोजन छात्र-छात्राओं को राष्ट्रहित और सामाजिक मूल्यों से जोड़ते हैं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। संवाद