नोएडा(संवाद)। शहर की लंबित फ्लैट रजिस्ट्रियों के समाधान की मांग को लेकर हाईराइज फेडरेशन के अध्यक्ष निखिल सिंघल ने अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा से मुलाकात की। उन्होंने सांसद को लंबित रजिस्ट्रियों से जुड़ी समस्याओं और प्रभावित होमबायर्स की स्थिति से अवगत कराया। साथ ही मामले को लोकसभा में उठाने और कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के संज्ञान में लाने का आग्रह किया। सांसद ने राहुल गांधी से इस मुद्दे पर चर्चा करने का आश्वासन दिया। फेडरेशन अब मुहिम को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश के नगर विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा और केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात करेगा। फेडरेशन विभिन्न सोसाइटियों से लंबित रजिस्ट्रियों का डेटा भी जुटा रहा है।