गुरुग्राम। मैनेजमेंट डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (एमडीआई) ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 का समापन दीक्षांत समारोह के साथ किया। इस अवसर पर स्नातकोत्तर और डॉक्टोरल के कुल 774 छात्रों को डिग्री प्रदान की गईं। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना, स्वागत भाषण और संस्थान की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुति से हुई। इस दौरान उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले छात्रों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। एमडीआई की अंतरिम चेयरपर्सन संगीता तलवार ने छात्रों को निरंतर प्रयास और धैर्य के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी। वहीं निदेशक डॉ. अरविंद सहाय ने कहा कि संस्थान ने छात्रों में विश्लेषण क्षमता और जिम्मेदारी की भावना विकसित की है, जो उनके करियर में सहायक होगी। मुख्य अतिथि सुधीर सितापति ने छात्रों को गहराई से सीखने और सही निर्णय लेने पर जोर दिया। इस बैच के छात्रों ने कंसल्टिंग, फाइनेंस, टेक्नोलॉजी और मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में प्लेसमेंट हासिल किया है। संवाद