पिनगवां । गोकलपुर गांव में एक बारात के दौरान की गई आतिशबाजी अचानक हादसे का कारण बन गई। बारातियों द्वारा चलाए गए पटाखों की चिंगारी सड़क किनारे पड़ी लकड़ियों पर जा गिरी, जिससे कुछ ही पलों में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और सड़क किनारे रखा लकड़ी का ढेर जलने लगा। आग की लपटें और धुआं देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी गई। सबसे पहले पुन्हाना दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन गाड़ी में तकनीकी खराबी आने के कारण आग बुझाने में दिक्कत हुई। इसके बाद फिरोजपुर झिरका दमकल विभाग की टीम को बुलाया गया। दूसरी दमकल गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। संवाद