ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। मैराथन के चलते सोहना एलिवेटेड रोड के जरिये गुरुग्राम से सोहना की तरफ जाने वाले वाहन चालक सावधान रहें। शनिवार रात को गुरुग्राम से सोहना जाने के लिए एलिवेटेड रोड पूरी तरह से बंद रहेगा। ट्रैफिक पुलिस ने इस बाबत एडवाइजरी जारी की है। हालांकि सोहना से गुरुग्राम की तरफ आने वाले रूट को पूरी तरह से चालू रखने के आदेश दिए हैं।
राजीव चौक से सोहना की तरफ जाने वाला एलिवेटेड रोड घामडौज टोल तक शनिवार रात आठ बजे से सुबह चार बजे तक बंद रहेगा। डीसीपी ट्रैफिक वीरेंद्र विज ने कहा कि शनिवार रात को मैराथन का आयोजन किया जा रहा है। इस मैराथन में हजारों लोग भाग लेंगे। गुरुग्राम के राजीव चौक से शुरू होने वाली मैराथन सोहना की तरफ घामडौज टोल तक जाएगी। इस मैराथन के आयोजन के लिए राजीव चौक अंडरपास से घामडौज टोल तक का रास्ता बंद रहेगा। हालांकि सोहना से गुरुग्राम की तरफ आने वाले वाहनों को कोई दिक्कत नहीं होगी।
डीसीपी के मुताबिक, गुरुग्राम से सोहना की तरफ जाने वाले सर्विस रोड पर वाहनों का आवागमन जारी रहेगा, लेकिन बीच-बीच में मैराथन को पास करने के लिए दो-दो मिनट तक ट्रैफिक रोका जाएगा। डीसीपी ने कहा कि लोगों को दिक्कत न हो इसके लिए वह अपने रूट में परिवर्तन कर सकते हैं।