केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल सम्मेलन को संबोधित करते। स्त्रोत-वज-विज्ञप्ति
गुरुग्राम। केंद्रीय ऊर्जा एवं आवासन तथा शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने सोमवार को पंचायतों और नगर निकायों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकारी अनुदान पर निर्भरता कम कर आय के नए स्रोत विकसित करने होंगे। मजबूत स्थानीय निकायों से जनता की अपेक्षाएं बेहतर तरीके से पूरी होंगी। यह बात उन्होंने गुरुग्राम विश्वविद्यालय में स्वर्ण जयंती हरियाणा वित्तीय प्रबंधन संस्थान के दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में कही। मंत्री ने पंचायतों की जमीन, तालाब और भवनों को आय का महत्वपूर्ण स्रोत बताया। उन्होंने पारदर्शी ठेके, मछली पालन और किराए के भवन व बाजार विकसित कर नियमित आमदनी का सुझाव दिया। पंचायतों को एफडी में जमा धनराशि का उपयोग भी संपत्तियां विकसित करने में करना चाहिए। मनोहर लाल ने गांवों में सामूहिक श्रमदान की परंपरा फिर से शुरू करने पर जोर दिया। ग्राम सभा को स्कूल मरम्मत, सफाई या पौधारोपण जैसे कार्य पहले से तय करने चाहिए। ब्यूरो