जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने सभी विभागों के साथ की समीक्षा बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। शहर में मास्टर रोड, सर्विस रोड के निर्माण में जो भी रुकावटें आ रही हैं, उनको जल्द से जल्द दूर किए जाने की योजना बनाई जा रही है। इसके लिए भूमि के सीमांकन, अवैध ढांचों को हटाना, जरूरी जमीन को अपने अधीन लेना और भुगतान आदि के मामलों को एक निर्धारित समय सीमा के अंदर हल किया जाए। जिससे शहर में प्रोजेक्टस को तेजी से पूरा किया जा सके।
बृहस्पतिवार को गुरुग्राम मेट्रोप़ॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में पीसी मीणा ने कहा कि एक मजबूत सड़क नेटवर्क के निर्माण के साथ-साथ शहर में मास्टर सेवाओं को स्थापित करने में बाधा उत्पन्न करने वाले कारणों की जांच की जा रही है। जीएमडीए अपने अधिकार क्षेत्र में सड़कों के निर्माण, और साथ ही जल आपूर्ति नेटवर्क, जल निकासी नेटवर्क, सीवर नेटवर्क आदि जैसी मास्टर सेवाओं को बिछाने से संबंधित कई काम कर रहा है।
इस मौके पर प्रशासक हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी)के संपदा अधिकारी हितेश कुमार, भूमि अधिग्रहण अधिकारी, सह-भूमि अधिग्रहण कलक्टर, जीएमडीए के प्रदीप सिंह आदि अन्य अधिकारी उपस्थित थे।