संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-22बी में सामुदायिक भवन और पार्क के रखरखाव में आरडब्लयूए प्रतिनिधियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। सेक्टर के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष भीम सिंह ने बताया कि सामुदायिक भवन के रखरखाव की राशि निगम से पिछले 36 महीने से नहीं मिली है। यहां गार्ड के खर्च से लेकर शादियों के बाद सफाई का खर्च भी अपनी जेब से करना पड़ रहा है।
इस सीजन में अबतक सामुदायिक भवन में 40 शादियां हो चुकी है। एक-एक शादी में 1200 से 1400 रुपये केवल कूड़ा उठवाने मे खर्च होते हैं। सामुदायिक भवन की सुरक्षा में लगे गार्ड का वेतन, सफाई और अन्य देखभाल के खर्च भी खुद उठाने पड़ रहे हैं। दूसरी ओर सेक्टर के पार्कों के रखरखाव की राशि तीन दिन पहले आई है मगर सात महीने की राशि बाकी थी, केवल तीन महीने की रखरखाव राशि अभी नहीं आई है। जनवरी के बाद से पार्काें के रखरखाव की राशि नहीं मिली है। पार्क के माली के वेतन से लेकर कई अन्य खर्च इससे बाधित होते हैं।