महिला का दूसरा बच्चा भी अस्पताल में भर्ती, आरोपी गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। राजेंद्रा पार्क थाना क्षेत्र में लिव इन में रहे युवक ने महिला के बच्चे की पीट-पीटकर हत्या कर दी। वहीं मारपीट में घायल हुआ महिला का दूसरा बच्चा अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उससे पूछताछ कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में बच्चे के दादा ने कहा कि वह टेकचंद नगर, गुरुग्राम में अपने परिवार सहित रहते हैं। उसका बड़ा बेटा विजय कुमार भी अपनी पत्नी व दो बेटों के साथ उनके पास ही रहता था। विजय कुमार की वर्ष 2023 में मौत हो गई । जिसके बाद विजय की पत्नी अपने दोनों बच्चों नौ साल के मानू व सात साल के प्रीत के साथ राजेंद्रा पार्क में यूपी बिजनौर के 28 वर्षीय विनित चौधरी के साथ रहने लगी। विनित यहां एक कंपनी में काम करता है। बच्चों के दादा का आरोप है कि विनित उनकी पुत्र वधु की गैर मौजूदगी में मोनू व प्रीत के साथ मारपीट करता था। रविवार की शाम विनित घर आया तो बच्चों की मां घर पर नहीं थी। जिसके बाद विनित ने बच्चों के साथ जमकर मारपीट की। जिसमें प्रीत की मौत हो गई और मानू घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वारदात की सूचना मिलते ही थाना राजेंद्रा पार्क, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने सीन-ऑफ-क्राइम, फिंगरप्रिंट टीमों से घटनास्थल का निरीक्षण कराया। वहीं आरोपी को राजेंद्रा पार्क से काबू कर लिया।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह मृतक बच्चे की मां के साथ कई महीनों से रह रहा था। करीब एक महीने पहले वह अपने गांव बिजनौर चला गया था और करीब एक सप्ताह पहले गुरुग्राम आया था। वापस आने के बाद मृतक बच्चे की मां के साथ रहने लगा।