एससीईआरटी के संयुक्त निदेशक ने अधिकारियों को योजना को लागू करने के दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) में सोमवार को प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और डायट प्राचार्याें का नव भारत साक्षरता कार्यक्रम (उल्लास) को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ। इसमें उल्लास योजना को जिला स्तर पर लागू करने के लिए डीईओ को दिशा निर्देश दिया गया। एससीईआरटी के संयुक्त निदेशक सुनील बजाज ने उल्लास कार्यक्रम को लेकर अधिकारियों को कार्य योजना बनाकर लागू करने को कहा।
एससीईआरटी के निदेशक महावीर प्रसाद के मार्गदर्शन में हुई बैठक में नवभारत साक्षरता कार्यक्रम को लेकर विस्तार से जानकारी अधिकारियों को दी गई। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर इस कार्यक्रम को प्रभावी तरीके से लागू किया जाना है। बजाज ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और केंद्रीय बजट घोषणाएं वित्त वर्ष 2021-22 के तहत प्रौढ़ शिक्षा के सभी पहलुओं को लागू किया जाना है।
संयुक्त निदेशक ने बताया कि नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत पांच साल में लोगों को बुनियादी साक्षरता और संख्या ज्ञान कराया जाएगा। उप निदेशक कल्पना रांगा ने कहा कि यह सरकार की महत्वपूर्ण योजना है। एससीईआरटी में जनसंख्या विंग की प्रभारी डाॅ. विनय कुमारी और संयोजक डॉ. सुन्दर सिंह राणा ने इस कार्यक्रम को लेकर जिला स्तर पर उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी दी। इस मौके पर सभी विंग के प्रभारी विजेंद्र गौड़, नवीन, पूनम, कुलदीप, मनोज कौशिक व नरेंद्र डबास समेत अन्य लोग मौजूद रहे।