अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। न्यू कॉलाेनी थाना क्षेत्र में कार से दूसरी कार का दरवाजा टच होने पर मारपीट व झगड़ा करने का मामला सामने आया है। कार में बैठे युवकों ने शराब के ठेके के कर्मचारियों के साथ मारपीट व शराब की महंगी बोतलों को भी तोड़ दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। शिवाजी नगर निवासी रेशव अरोड़ा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह न्यू कॉलोनी मोड़ के पास तिकोना पार्क वाले ठेके पर बतौर इंचार्ज की नौकरी करते हैं। 19 फरवरी की रात वह दोस्त अश्वनी के साथ शादी के कार्ड बांटने के बाद रात लगभग 10.20 बजे ठेके पर पहुंचे तो वहां पर एक कार में दो युवक शराब पी रहे थे। उनकी कार का दरवाजा रेशव अरोड़ा की कार से टच हो गया। इस पर कार में बैठे युवकों ने रेशव व उसके दोस्त अश्वनी के साथ गाली-गलौज व मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उन्होंने शराब की 10 से 12 बोतलें भी तोड़ दीं, जिनकी कीमत 70 से 80 हजार रुपये थी।